*भोगीशैल परिक्रमा में मौसम विभाग के अलर्ट पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई*
*-जिला कलक्टर के निर्देश पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया* *- जिला कलक्टर ने मौके पर पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा*

*भोगीशैल परिक्रमा में मौसम विभाग के अलर्ट पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई* *-जिला कलक्टर के निर्देश पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया*
*- जिला कलक्टर ने मौके पर पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा* जोधपुर, 30 मई। भोगीशैल परिक्रमा-2026 के दौरान शनिवार को मौसम विभाग द्वारा तेज आंधी एवं वर्षा की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए।
जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग एवं हिन्दू सेवा मण्डल के पदाधिकारियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए उस समय मण्डोर उद्यान में ठहरे हुए परिक्रमा यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की। मौसम संबंधी अलर्ट प्राप्त होते ही श्रद्धालुओं को कृषि मण्डी, सब्जी मण्डी, कृषि कॉम्प्लेक्स, माहेश्वरी भवन तथा अन्य सुरक्षित स्थलों पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया गया,
जिससे किसी प्रकार की जनहानि अथवा अप्रिय स्थिति की संभावना को टाला जा सके। *जिला कलक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा एवं सुविधाओं के दिए निर्देश* प्रशासन एवं हिन्दू सेवा मण्डल के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने समन्वित प्रयास करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने स्वयं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोगीशैल परिक्रमा में शामिल सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूर्णतः सजग एवं तैयार है। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया तथा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहीं। ———– *#जोधपुर* *आंधी-तूफान एवं वर्षा के बाद जिला कलक्टर ने किया शहर का निरीक्षण* *-विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश* *-सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण* जोधपुर, 30 मई। जिले में शनिवार को आए आंधी-तूफान एवं वर्षा के पश्चात जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने सावधानी के दृष्टिगत शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत, पेयजल, यातायात एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभाग सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। *आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों एवं कार्यप्रणाली का किया अवलोकन* निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने आपात परिस्थितियों में कार्यरत सुरक्षा एवं राहत तंत्र की व्यवस्थाओं, संसाधनों तथा गतिविधियों का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी संभावित आपदा अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहे तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय बनाए रखते हुए आमजन को आवश्यक सहायता समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।




