आरपीएससी प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के लिए व्यापक तैयारियां पूर्ण
आरपीएससी प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के लिए व्यापक तैयारियां पूर्ण* *-85 परीक्षा केन्द्रों पर होगी परीक्षा, 27 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं* जोधपुर, 30 मई। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक-कृषि एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) का आयोजन 31 मई 2026 से 5 जून 2026 तक राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान की परीक्षा प्रातः 10 बजे से 11:30 बजे तक तथा विषयवार परीक्षाएं प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2:30 बजे से सांय 5:30 बजे तक संपन्न होंगी। परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए अति. जिला मजिस्ट्रेट एवं अति. जिला कलक्टर श्री अंजुम ताहिर सम्मा की अध्यक्षता में परीक्षा पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोधपुर जिले में स्थापित 85 राजकीय एवं निजी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक, पर्यवेक्षक एवं उपसमन्वयक उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अधिकारियों को परीक्षा संचालन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा अब तक की तैयारियों की समीक्षा की गई। *नकल एवं अनुचित गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर, 16 सतर्कता दल गठित, प्रत्येक केन्द्र पर पुलिस बल एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था* बैठक में परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं वितरण के लिए 28 राजपत्रित अधिकारियों को उपसमन्वयक नियुक्त किया गया है। वहीं नकल, डमी परीक्षार्थियों तथा अन्य अनुचित गतिविधियों की रोकथाम के लिए 16 विशेष सतर्कता दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। अति. जिला मजिस्ट्रेट श्री सम्मा ने परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, डमी अभ्यर्थी एवं अन्य अनियमितताओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक भौतिक संसाधन, पर्याप्त फर्नीचर, कक्ष-कक्ष, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं गर्मी के प्रभाव से बचाव के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। साथ ही दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए भी आवश्यकता अनुसार विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बैठक में बताया गया कि बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, फलौदी सहित राज्य के विभिन्न जिलों एवं राज्य के बाहर से आने वाले लगभग 27 हजार परीक्षार्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे, रोडवेज एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों की समुचित व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार वीक्षक एवं अन्य कार्मिकों की नियुक्ति भी पूर्ण कर ली गई है। प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

