
सत्य भारती विद्यालय, शेरगढ़ में राजस्थान पुलिस के तत्वावधान में विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ए.एस.आई. श्री रूघाराम, कांस्टेबल श्री महिपाल एवं कांस्टेबल श्री धन्नालाल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव तथा ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
पुलिस दल ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध संदेश, अनजान लिंक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओ.टी.पी., पासवर्ड, बैंक संबंधी अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
विद्यार्थियों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचित करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक करने का संकल्प लिया।
सत्य भारती विद्यालय, शेरगढ़ का संचालन भारती एयरटेल फाउंडेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। जोधपुर जिले में सत्य भारती विद्यालयों का संचालन जिला समन्वयक श्री सुभाष चंद्र यादव एवं क्लस्टर समन्वयक श्री जयसिंह गिराटी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री सम्पत सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने राजस्थान पुलिस दल का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से डिजिटल जगत में सतर्क एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।




